हिंसा की चपेट में बांग्लादेश: 28 जिलों में देसी बमों के धमाके, मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर और ग्रामीण बैंक में आगजनी
नई दिल्ली. बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक हिंसा और आगजनी की चपेट में आ गया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग के बुलाए गए 'लॉकडाउन' से ठीक पहले देशभर में भारी बवाल मच गया है. राजधानी ढाका में कई देसी बमों के धमाके हुए.
पिछले दो दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों- सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में यूनुस के 'ग्रामीण बैंक' की कई शाखाओं में भी आगजनी की गई है. चटगांव के पांचलाइस इलाके में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया.
वहीं, अखबारों की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं ने रातभर में ढाका स्थित अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया और आग लगा दी.
देश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 में दर्जनों देसी बम फटे हैं और कई गाड़ियों को फूंक दिया गया है. अब तक हुई हिंसा में ढाका में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं. पश्चिमी नराइल जिले में भी बीएनपी के मार्च पर अवामी लीग कार्यकर्ताओं के हमले में सत्तारूढ़ दल के दो स्थानीय नेता मारे गए. फरीदपुर और पिरोजपुर में एक बीएनपी नेता और एक परिवहन कर्मी की मौत हुई है.
अवामी लीग ने ये लॉकडाउन पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण (ट्रिब्यूनल) के शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में गैर-मौजूदगी में दी गई मौत की सजा की बरसी पर बुलाया है. हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन ('जुलाई विद्रोह') के बाद सत्ता से बेदखल होकर भारत में रह रही हैं.
इस महीने की शुरुआत में हसीना ने मौत की सजा के बावजूद किसी भी कीमत पर दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया था. इसके बाद से ही तनाव बढ़ गया है. मंगलवार को उनके गृहनगर तुंगीपारा में करीब 30 संदिग्ध समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद सैकड़ों लोगों ने पुलिस स्टेशन घेर लिया था, जिसके चलते पुलिस को थाना खाली करना पड़ा.
साभार आज तक

