चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा विपक्ष, कथित अनियमितताओं को जनता के बीच लाएंगे: राहुल गांधी

  • Share on :

शिकागो। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी पार्टियां चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगी, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को उजागर करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहता, जिससे लोगों की नजर में चुनाव प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़ा हो और भारतीय लोकतंत्र की व्यवस्था कमजोर हो।
राहुल गांधी ने यह बात अमेरिका के इलिनॉय स्थित शिकागो विश्वविद्यालय में आयोजित 'द ईरान वॉर एंड इंडियाज रोल इन द वर्ल्ड' कार्यक्रम के दौरान कही। राजनीतिक विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव नहीं लड़ने का फैसला नहीं कर सकता, क्योंकि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की रणनीति चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को सामने लाने और इस मुद्दे को जनता तक पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष तब तक यह मुद्दा उठाता रहेगा, जब तक लोगों को यह समझ नहीं आ जाता कि व्यवस्था में क्या हो रहा है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि चुनाव आयोग के भीतर से भी अब विपक्ष को जानकारी मिल रही है। उनके मुताबिक, आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी कह रहे हैं कि वे अब इस तरह काम नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि यह एक लंबी प्रक्रिया रही है और उन्हें भरोसा है कि चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियां सामने आएंगी।
राहुल ने कहा कि विपक्ष गैर-लोकतांत्रिक भारत को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश के बड़ी संख्या में लोगों की इच्छा है। विपक्ष चाहता है कि लोग बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें और लोकतंत्र में उनकी यह ताकत फिर से मजबूत हो।
कांग्रेस नेता ने 2024 के आम चुनाव की वैधता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने एक ब्राजीलियाई महिला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वह कभी भारत नहीं आई, लेकिन एक राज्य के विधानसभा चुनाव में उसने 23 बार मतदान किया। राहुल ने कहा कि अगर 2024 के चुनाव में ऐसे मतदाता शामिल थे, जो वास्तव में मौजूद नहीं थे या फर्जी थे अथवा जिन्हें मतदान नहीं करना चाहिए था, तो ऐसे चुनाव को वैध कैसे माना जा सकता है। ये आरोप राहुल गांधी ने बातचीत के दौरान लगाए।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper