अमेरिका के नए टैरिफ ढांचे के लागू होने तक टले भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर
नई दिल्ली. अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जल्द पूरी होने की उम्मीद है, लेकिन इस समझौते पर हस्ताक्षर तभी होंगे जब अमेरिका अपना टैरिफ तय कर लेगा.
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, फिक्की (FICCI) के एक कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि इस समझौते का रूप-रेखा और ढांचा फरवरी में ही तय कर लिया गया था और इसकी घोषणा भी कर दी गई थी. उन्होंने कहा कि समझौते के कानूनी मसौदे पर भी बातचीत हो चुकी है, जो अब अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही पूरी हो जाएगी.
अग्रवाल ने कहा कि लेकिन एक चुनौती जिसे समझना जरूरी है, वह यह है कि इस समझौते की घोषणा उस समय की गई थी जब कुछ टैरिफ लागू थे. अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने उन टैरिफ को रद्द कर दिया है. अब अमेरिका एक नया टैरिफ ढांचा तैयार कर रहा है.
उन्होंने आगे कहा कि जब तक यह नया टैरिफ लागू नहीं हो जाता, तब तक इस समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए जा सकते. ऐसा इसलिए है क्योंकि पिछला टैरिफ ढांचा अलग-अलग देशों को अलग-अलग तरह के तुलनात्मक लाभ देता था.
उन्होंने कहा कि इसलिए, जब तक नया टैरिफ लागू नहीं हो जाता, तब तक समझौते पर हस्ताक्षर होने में कुछ समय लग सकता है. हालांकि, हमारी कोशिश यही है कि बातचीत को जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए और सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएं. उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका में भारत समेत कई देशों के खिलाफ 'सेक्शन 301' के तहत जांच चल रही है. भारत को इन जांचों के नतीजों का इंतजार है.
साभार आज तक

