भारत के साथ रिश्ते ‘रीसेट’ करना चाहता है बांग्लादेश: द्विपक्षीय बातचीत से नए संबंधों की ओर बढ़ने की कवायद
नई दिल्ली. बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि वह भारत के साथ अपने संबंधों को 'रीसेट' करना चाहता है और आपसी हितों के आधार पर नए द्विपक्षीय जुड़ाव की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है. विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने शेख हसीना के प्रधानमंत्री रहने के दौरान भारत-बांग्लादेश संबंधों को असहज बताया. उन्होंने कहा कि ढाका द्विपक्षीय बातचीत के जरिए नई दिल्ली के साथ नए रिश्ते की ओर बढ़ना चाहता है.
ये बयान उस समय आए हैं, जब बांग्लादेश ने दो दिन पहले कहा था कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे, क्योंकि उन्हें व्यक्तिगत क्षमता में इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था और निमंत्रण BIMSTEC के अध्यक्ष को दिया गया था. दो दिवसीय BRICS शिखर सम्मेलन रविवार को समाप्त हो गया. भारत ने रहमान को बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल यानी BIMSTEC के अध्यक्ष के तौर पर इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, जबकि एक अलग द्विपक्षीय निमंत्रण फरवरी से ही मौजूद था.
कबीर ने पत्रकारों से कहा,'हम एक नए रिश्ते की ओर बढ़ना चाहते हैं, जो बहुपक्षीय मंच के जरिए नहीं, बल्कि द्विपक्षीय बातचीत के जरिए होना चाहिए.' उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश को भारत को लेकर आगे बढ़ने और नई दिल्ली के साथ संबंधों को संतुलित तरीके से देखने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को आपसी हितों पर ध्यान देना चाहिए और भारत के साथ संबंधों को दूसरे देशों के साथ अपने व्यापक जुड़ाव के हिस्से के तौर पर देखना चाहिए.
साभार आज तक

