अगले सप्ताह सिर्फ दो दिन खुलेंगे बैंक: 5 दिन कामकाज रहेगा ठप, 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल

  • Share on :

लखनऊ। भले ही रविवार को बैंक खुलेंगे और कामकाज होगा, मगर अगले सप्ताह बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। बैंक कर्मियों की हड़ताल और अवकाश के कारण सप्ताह में सिर्फ दो दिन ही बैंक खुलेंगे। पांच दिन कामकाज प्रभावित रहेगा। इससे खाताधारकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
पांच दिवसीय बैंकिंग और अन्य लंबित मुद्दों को लेकर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक अधिकारी और कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल कर रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले हो रही हड़ताल की वजह से बैंकों में ताला लटका रहेगा। ग्राहक खाते से जमा-निकासी नहीं कर सकेंगे। नया खाता खुलवाने, ई-केवाईसी, ऋण संबंधी कार्य और बिलों का भुगतान भी अटकेगा। तीन दिवसीय हड़ताल में लखनऊ में करीब साढ़े सात हजार रुपये लेनदेन प्रभावित होगा।
तीन दिवसीय हड़ताल के बाद बृहस्पतिवार को बैंक खुलेंगे। अगले दिन शुक्रवार को गांधी जयंती का अवकाश है। बैंकों में कामकाज ठप रहेगा। इसके बाद शनिवार को बैंक खुलेंगे और अगले दिन रविवार का अवकाश है। इस तरह ग्राहकों को अगले सप्ताह सिर्फ दो दिन ही बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा।
आरबीआई के निर्देश पर रविवार को भी बैंक खुलेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि आरबीआई को अधिकार है कि आपात परिस्थितियों में छुट्टियों में भी बैंक खोल सकता है, मगर उस दिन आने वाले कर्मचारियों को बैंक की ओर से ओवरटाइम का भुगतान करना होगा। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper