पाक एजेंट के चक्कर में देश से गद्दारी: विंग कमांडर ने न्यूड तस्वीरों के बदले लीक की वायुसेना की गोपनीय युद्ध-योजना और संवेदनशील जानकारियां
नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना (IAF) का एक विंग कमांडर देश का दुश्मन बन गया। वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के चक्कर में इस कदर फंसा कि उसने वायुसेना की कई संवेदनशील जानकारी लीक कर दी। पुलिस ने दिल्ली की एक अदालत में चार्जशीट दायर कर कई आरोप लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, विंग कमांडर ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को न्यूड फोटो के बदले में बेहद गोपनीय ऑपरेशनल जानकारी शेयर कर दी। आपको बता दें कि विंग कमांडर को करीब पांच महीने पहले गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि विंग कमांडर ने पाकिस्तान के खुफिया एजेंट के साथ युद्ध-योजना के दस्तावेज, ड्रोन की क्षमताएं, सैन्य तैनाती की जगहें, फ्रंटलाइन लड़ाकू विमानों की आवाजाही और संवेदनशील ठिकानों के कोऑर्डिनेट्स शेयर किए थे।
पुलिस ने कोर्ट को बताया कि इस तरह की जानकारी लीक होने से सेना के साथ-साथ देश को खतरा हो सकता था। इससे ऑपरेशनल कमजोरियां उजागर हो सकती थीं और राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। चार्जशीट के अनुसार, विंग कमांडर ने एक गुप्त ड्रोन यूनिट की ताकत और उसके ढांचे की जानकारी भी दी। इसमें ड्रोन यूनिट की ऑपरेशनल क्षमताओं, युद्ध के समय तैनाती के लिए तय की गई जगहों और लड़ाकू विमानों की आवाजाही से जुड़ी जानकारी दी गई।
पुलिस के मुताबिक, विंग कमांडर इस साल 12 जनवरी से 1 अप्रैल के बीच व्हाट्सऐप के जरिए उस संदिग्ध एजेंट के संपर्क में थे। जब वे अपने दफ्तर में स्मार्टफोन लेकर गए तो उन्हें रोका गया और उनकी जांच की गई। पुलिस चार्जशीट के अनुसार, अधिकारी ने संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट से एक न्यूड तस्वीर मिलने के बाद एक गुप्त युद्ध-योजना का एक पन्ना अपलोड कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि हर एक न्यूड तस्वीर के बदले वे युद्ध-योजना का एक नया पन्ना देंगे।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

