भारत आठवीं बार बना एशिया कप चैंपियन, श्रीलंका को 10 विकेट से हराया

  • Share on :

नई दिल्ली।  भारत ने श्रीलंका को एशिया कप 2023 के फाइनल में 10 विकेट से रौंदकर खिताब अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम आठवीं बार एशिया कप की चैंपियन बनी है। श्रीलंका पहले बल्लेबाजी करते हुए 15.2 ओवर में सिर्फ 50 रन ही बना सकी। इसके जवाब में भारत ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया और शुभमन गिल के साथ ईशान किशन को ओपनिंग के लिए भेजा। भारत ने 6.1 ओवर में बिना विकेट खोए ये लक्ष्य हासिल किया। इसी के साथ वनडे क्रिकेट में भारत ने गेंद के लिहाज से सबसे बड़ी जीत हासिल की। एशिया कप समेत एक दिवसीय क्रिकेट के इतिहास में भारत की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। भारत को पांच साल के अंतराल के बाद एशिया कप की चमचमाती ट्रॉफी अपने घर लाने का मौका मिला है। इससे पहले वर्ष 2018 में भारत ने एशिया कप जीता था। 
मोहम्मद सिराज ने कहर बरपाता हुआ स्पैल डालकर छह विकेट चटकाए और एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ श्रीलंका की पूरी टीम 50 रन पर ढेर हो गई। ईशान किशन ने 23 और शुभमन गिल ने 27 रन की पारी खेलते हुए भारत को जीत दिलाई। भारत ने 6.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। ऐसे में 263 गेंद शेष रहते भारत ने मैच जीता, जोकि भारतीय टीम की गेंद के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने केन्या के खिलाफ 2001 में 231 गेंद शेष रहते मैच जीता था। एक दिवसीय क्रिकेट के इतिहास में भारत की लक्ष्य का पीछा करते हुये यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। भारत ने सबसे ज्यादा आठ बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है।
भारत की सबसे बड़ी वनडे जीत (गेंदें शेष)
263 बनाम श्रीलंका कोलंबो आरपीएस 2023 *
231 बनाम केन्या ब्लोमफ़ोन्टेन 2001
211 बनाम वेस्टइंडीज त्रिवेन्द्रम 2018
188 बनाम इंग्लैंड द ओवल 2022
वनडे फाइनल में भी भारत की गेंद के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 2003 में फाइनल में 226 गेंद शेष रहते हराया था।
वनडे फाइनल में सबसे बड़ी जीत (गेंदें शेष)
263 भारत बनाम श्रीलंका कोलंबो आरपीएस 2023 *
226 ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड सिडनी 2003
179 ऑस्ट्रेलिया बनाम पाक लॉर्ड्स 1999
विश्व कप से पहले भारतीय टीम अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 सितंबर से तीन वनडे मैचों की श्रृंखला खेलेगी। अपनी जबर्दस्त गेंदबाजी के दम पर एक ओवर में चार विकेट लेने वाले सिराज वनडे के इतिहास में चौथे गेंदबाज हो गए। वनडे क्रिकेट में सबसे तेजी से पारी के पांच विकेट लेने के श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास के रिकॉर्ड की भी उन्होंने बराबरी की ।
वनडे फाइनल में 10 विकेट से जीत
197/0 भारत बनाम जिम्बाब्वे शारजाह 1998
118/0 ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड सिडनी 2003
51/0 भारत बनाम एसएल कोलंबो आरपीएस 2023 *
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper