पॉडकास्ट में खोले निजी जिंदगी के कई राज.. पीएम मोदी पर क्या बोले नितिन गडकरी
नई दिल्ली। नितिन गडकरी ने एक पॉडकास्ट में अपने निजी जिंदगी के कई राज खोले हैं। इसके अलावा उन्होंने राजनीति, अपनी आलोचना समेत दूसरे मुद्दों पर भी बेबाकी से बात की है। इस दौरान गडकरी ने बताया कि भाजपा से इतर कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेता भी उनके आदर्श रहे हैं। गडकरी ने अपने ही अंदाज में कहाकि अच्छाई किसी एक दल का पेटेंट थोड़ी ही ना है। इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र के ठाकरे परिवार के साथ रिश्तों के बारे में भी बताया। इसके अलावा टोल प्लाजा को लेकर खुद के ऊपर बनने वाले मीम्स से जुड़ा दिलचस्प किस्सा भी गडकरी ने शेयर किया। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इंडिया टुडे के एक पॉडकास्ट में यह बातें शेयर की हैं। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर भी बात की।
इस बातचीत के दौरान नितिन गडकरी से पूछा गया कि आपको पार्टी का विकास पुरुष कहा जाता है। लेकिन गडकरी ने इस बात को मानने से इनकार किया। उन्होंने कहाकि आज की तारीख में वास्तविक विकास पुरुष तो पीएम मोदी ही हैं। उनके नेतृत्व में हमने वो हासिल किया, जो कांग्रेस ने 60 साल में नहीं किया। गडकरी ने कहाकि मैं सिर्फ अपना काम कर रहा हूं। मैं अच्छा कर रहा हूं या खराब कर कर रहूं, इस बारे में फैसला लोग करेंगे।
इस दौरान नितिन गडकरी से उनके पॉलिटिकल रोल मॉडल्स के बारे में भी पूछा गया। उन्होंने जॉर्ज फर्नांडिस को अपना आइकॉन बताया। उन्होंने कहाकि मैं उनके काफी करीब रहा हूं। उन्होंने मेरी राजनीतिक सोच को आकार दिया। गडकरी ने आगे कहाकि उन्होंने अन्य दलों के नेताओं से भी काफी प्रेरणा ली है। इसमें कम्यूनिस्ट पार्टी के एबी वर्धन समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहाकि अच्छाई किसी एक पार्टी का पेटेंट नहीं है। राजनीतिक विरोधियों में भी गडकरी काफी लोकप्रिय हैं। इस पर उन्होंने कहाकि चाहे सहयोगी हो या विपक्षी। मेरे पास जो भी आता है, मैं उसका काम कर देता हूं। वाजपेयी जी ने हमें सिखाया था कि मंत्री दलों के साथ-साथ देश भी संबंध रखते हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान