भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने पुनः बनाया देशराज धारिया को संभाग संयोजक
दिव्यानंद अर्गल
भिंड । भीम आर्मी चीफ व सांसद चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाले संगठन भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा प्रदेश स्तर पर संगठन विस्तार और मजबूती को लेकर सभी संभागों के प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में देशराज धारिया को पुनः चंबल संभाग संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह तथा प्रदेश प्रभारी सुनील बैरसिया की अनुशंसा पर की गई। जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि देशराज धारिया को संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, समर्पण और कार्यशैली को देखते हुए पुनः चंबल संभाग संयोजक बनाया गया है। प्रदेश प्रभारी सुनील बैरसिया ने कहा कि देशराज धारिया अपने संभाग में प्रदेश सचिव एवं संभाग के मुख्य प्रभारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए संगठन निर्माण के कार्य को तेज गति देंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों के भीतर चंबल संभाग के सभी जिलों का दौरा कर संगठन की समीक्षा की जाए तथा संबंधित जिला संयोजकों के नाम लिखित रूप में प्रदेश कार्यालय को भेजना सुनिश्चित किया जाए। संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि देशराज धारिया के नेतृत्व में चंबल संभाग में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और सामाजिक न्याय तथा बहुजन समाज की आवाज को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

