भोपाल में सनसनी: रिटायर्ड IAS अधिकारी की गला रेतकर हत्या, दो दिन पहले रखा गया नौकर गायब
भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में रहने वाले रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि अधिकारी अपनी पत्नी के साथ रहते थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राकेश अग्रवाल के घर पर दो दिन पहले ही एक नौकर को काम पर रखा गया था। घटना के बाद से वह नौकर गायब है। इसी वजह से शुरुआती जांच में पुलिस का शक उस पर जा रहा है। हालांकि, अभी पुलिस की ओर से उसके हत्या में शामिल होने की पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि हत्या की वारदात घर के अंदर ही हुई। रिटायर्ड अधिकारी की गला रेतकर हत्या की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में घर पर दो दिन पहले रखे गए नौकर का गायब होना अहम कड़ी माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस इसी बिंदु सहित अन्य संभावनाओं पर भी जांच कर रही है। नौकर ही हत्या का आरोपी है, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
साभार अमर उजाला

