आज से भारत मंडपम में भाजपा की बड़ी बैठक, तैयार करेंगे रणनीति

  • Share on :

नई दिल्ली। भाजपा के 17-18 फरवरी को होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम तैयार है। यह भाजपा के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा अधिवेशन होगा जिसमें 11,500 प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसके पहले पार्टी ने 1995 में मुंबई की यशोभूमि में महाधिवेशन किया था, जिसमें 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हिस्सेदारी थी।
भाजपा नेतृत्व इस अधिवेशन में आम चुनाव के लिए पार्टी की भावी रणनीति से सभी कार्यकर्ताओं को जोड़कर मैदान में उतरने के लिए बड़ा संदेश देने जा रहा है। समारोह के लिए पार्टी नेताओं का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार शाम को विकसित भारत की अवधारणा पर एक प्रदर्शनी का उ्दघाटन भी किया। शनिवार को सबसे पहले राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहेंगे। अपराह्न तीन बजे ध्वजारोहण से पार्टी अधिवेशन की शुरुआत होगी। खुला अधिवेशन पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के भाषण से शुरू होगा। इसके बाद पार्टी अविधेशन में लाए जाने वाले प्रस्तावों पर चर्चा करेगी।
अधिवेशन का सबसे अहम हिस्सा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण होगा। इसमें कार्यकर्ताओं के लिए चुनावी संदेश होगा। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि इस बार का राष्ट्रीय अधिवेशन उसके कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगा ताकि मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनें और इस मामले में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी करें।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper