सागर में आमने-सामने बाइक टकराईं, दो लोगों की मौके पर मौत

  • Share on :

सागर। सागर जिले के बीना-सागर रोड पर सुमरेरी तिराहा के पास दो बाइकों की आमने-सामने हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। अन्य बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला हॉस्पिटल सागर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को खुरई देहात थाना क्षेत्र के सुमरेरी तिराहा के पास दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। खुरई से सागर तरफ जा रहे बाइक सवार महेंद्र पिता पुरुषोत्तम अहिरवार (40) और सागर की ओर से आ रहे आकाश परिहार (26) की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक सवार रोहित परिहार और उसकी पत्नी पूजा परिहार घायल हो गई। जानकारी मिलते ही खुरई देहात थाना प्रभारी धनेंद्र यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एम्बुलेंस के पायलट सूर्यकांत गौतम और डॉ मनोज लोधी घायलों को खुरई सिविल अस्पताल लेकर आए। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया है।
बाइक सवार घायल रोहित परिहार ने बताया कि वह नौगांव जिला छतरपुर से अपनी ससुराल सागर आया हुआ था। पत्नी पूजा परिहार का ग्वालियर में इलाज चल रहा है। बाइक से पति-पत्नी और चचेरा भाई आकाश परिहार सागर से बीना के लिए निकले थे। बीना से ग्वालियर के लिए ट्रेन पकड़ना थी, लेकिन रास्ते में ही दुर्घटना हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार महेंद्र अहिरवार की दुर्घटना में हुई मौत के मामले में उनके पिता पुरुषोत्तम अहिरवार ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी का काम करता है। वह किसी काम के सिलसिले में खुरई गया हुआ था। खुरई से वह अपने गांव बनहट लौट रहा था।
खुरई देहात थाना प्रभारी धनेंद्र यादव ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर की सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पहुंचे तो बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि दंपति घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया है। दोनों शवों को मॉर्चुरी में रखवा दिया गया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जाएगी।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper