एलन मस्क के बयान पर राहुल गांधी के समर्थन से भड़की बीजेपी: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बोले—'देश विरोधी ताकतों के मंसूबे नहीं होंगे कामयाब'

  • Share on :

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एलन मस्क के भारत में स्टारलिंक को लाइसेंस मिलने में देरी को लेकर दिए गए बयान पर राहुल गांधी के समर्थन को लेकर निशाना साधा है। मस्क ने उद्योगपति मुकेश अंबानी का जिक्र करते हुए भारत में एकाधिकार को लेकर सवाल उठाए थे। इस पर राहुल गांधी ने कहा था, ‘भारत में आपका स्वागत है एलन, दूसरे व्यक्ति के बारे में जानेंगे तो और हैरानी होगी।’ राहुल के इस रुख पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता देश के आंतरिक मामलों में विदेशी ताकतों को शामिल कर रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, 'राहुल गांधी जो कर रहे हैं, भारत का युवा उन्हें देख रहा है। आप इस देश के सांविधानिक ढांचे को चुनौती दे रहे हैं और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका जवाब जनता देगी। जिन विदेशी ताकतों के दम पर आप राजनीति कर रहे हैं और भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, आपके ये मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
नितिन नवीन ने कहा कि मैं चेतावनी देता हूं कि भाजपा और जनता, दोनों आपको जवाब देंगे। भारत सरकार कड़ाई से निपटेगी और आपके मंसूबों को रोकेगी। हम देश के प्रति प्रतिबद्ध हैं। विकसित भारत के सपने को आगे बढ़ाएंगे और देशविरोधी ताकतों से सख्ती से निपटेंगे। सीजेपी को भी भारत का युवा देख रहा है। आम आदमी पार्टी समर्थित सीजेपी देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है। 
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर दिल्ली में पिछले दिनों राजनीतिक टकराव तेज रहा। राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों के सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्ष ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सांसदों को आगे बढ़ने से रोका और राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper