सेवा संकल्प अभियान के जरिए गांव-गांव तक पहुंचेगी भाजपा, 17 सितंबर से एक माह होंगे सेवा के कार्यक्रम

  • Share on :

जिला भाजपा की कार्यशाला एवं कार्यसमिति बैठक में अभियान की रूपरेखा तय; सिलावट बोले- कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी
देपालपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जिला इंदौर ग्रामीण 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण और सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी को लेकर रविवार को जिला भाजपा की कार्यशाला सह कार्यसमिति बैठक आयोजित हुई, जिसमें अभियान के कार्यक्रमों और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा ने की। उन्होंने स्वागत भाषण में सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और कार्यक्रमों की रूपरेखा रखते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण के दम पर ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि देश की आत्मा गांवों में बसती है और किसानों एवं अन्नदाताओं के हित में सरकार लगातार काम कर रही है। मध्यप्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सिलावट ने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

सांसद शंकर लालवानी ने केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की जरूरत बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को उनका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

विधायक उषा ठाकुर, मधु वर्मा, पूर्व विधायक जीतू जिराती और जिला प्रभारी शैलेन्द्र डागा ने भी सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न आयामों पर अपने विचार रखे और आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन दिया।

बैठक में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रवि रावलिया, आईपीसी बैंक के पूर्व अध्यक्ष उमा नारायण पटेल, पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार, राधेश्याम यादव, देवराज सिंह परिहार, चिंटू वर्मा , जेपी नागर सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper