बॉलीवुड स्टार पंकज त्रिपाठी के भाई पर खूनी हमला: पुरानी रंजिश में गांव में ही मारी कुल्हाड़ी/धारदार हथियार, हालत चिंताजनक
गोपालगंज। बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलसंड गांव में उनके बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हमले में गंभीर रूप से घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को परिजनों ने तत्काल गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गांव में लंबे समय से चले आ रहे विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं इस घटना के बाद बेलसंड गांव और आसपास के इलाकों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
साभार अमर उजाला

