ताज होटल में बम की खबर निकली अफवाह: देर रात फोन कॉल के बाद अलर्ट पर आई मुंबई पुलिस, आरोपी की तलाश जारी
मुंबई। 'दाउद इब्राहिम ने ताज होटल में बम लगाया है।' रविवार अल सुबह मुंबई पुलिस के पास आए एक फोन कॉल ने पूरे पुलिस खेमे के अलर्ट मोड पर ला दिया। इस फोन के तुरंत ही सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव हुई और मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल की तलाशी ली। कई स्तर के जांच अभियान के बाद भी पुलिस को ताज होटल में कोई विस्फोटक सामग्री या फिर किसी घटना का सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने इस फोन कॉल को फर्जी घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, फोन नंबर की पहचान कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक देर रात करीब 12:13 पर नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम के पास एक फोन कॉल आया। फोन करने वाले ने दावा किया कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम ने मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल में बम लगाया हुआ है। एक फोन कॉल पर यह जानकारी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ऐक्टिव हुई और कोलाबा स्थित ताज होटल के लिए कई टीमें रवाना कर दीं। इसमें कोलाबा पुलिस, क्राइम ब्रांच और बॉम्ब स्क्वाड भी शामिल था।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

