कड़ाके की सर्दी में अलाव ही आख़िरी सहारा, शिवपुरी में नपा की चुप्पी बनी सवाल
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी में इस समय हालात बेहद चिंताजनक हैं। बर्फीली ठंड और तेज़ सर्द हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। रात होते ही तापमान तेजी से गिर रहा है, लेकिन आम नागरिकों के लिए राहत के नाम पर सिर्फ़ अलाव ही एकमात्र सहारा बने हुए हैं।
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह मौन है। न तो सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त अलाव की व्यवस्था की गई है, न ही गरीब, मजदूर और बेघर लोगों के लिए किसी ठोस इंतज़ाम की घोषणा। बस स्टैंड, अस्पतालों के बाहर, रेलवे स्टेशन और बाजार क्षेत्रों में लोग ठंड से ठिठुरते हुए अलाव के आसपास रात गुजारने को मजबूर हैं।
प्रशासन की यह चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। क्या नपा ठंड के इस प्रकोप का इंतज़ार कर रही है कि हालात और बिगड़ें? हर साल सर्दी आती है, फिर भी न तो कोई पूर्व तैयारी दिखती है और न ही संवेदनशीलता।
शिवपुरी की जनता अब पूछ रही है—क्या नगर पालिका सिर्फ काग़ज़ों में ही सक्रिय है? जब आमजन ठंड से जूझ रहा है, तब जिम्मेदारों की निष्क्रियता किसी अपराध से कम नहीं।

