सरहद पर अभेद्य होगी सुरक्षा: गृह मंत्रालय बनाएगा 'स्मार्ट सिक्योरिटी ग्रिड', एंटी-ड्रोन शील्ड भी होगी शामिल
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक बड़ा फैसला लिया है जिसके तहत सरहद पार से नशीले पदार्थों और हथियारों व गोला-बारूद की ड्रोन के जरिए तस्करी पर नकेल कसने की तैयारी है। इसके लिए 'स्मार्ट बॉर्डर सिक्योरिटी ग्रिड' की व्यवस्था लाने की घोषणा की गई है। इसमें एक एंटी-ड्रोन शील्ड भी शामिल की जाएगी। बता दें कि ISI और ड्रग तस्कर सरहदी इलाकों, खासकर पंजाब में ड्रोन्स के जरिए हथियार और ड्रग्स की सप्लाई कर रहे हैं, जिसके चलते राज्य में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।
इसके अलावा बॉर्डर पर अमित शाह द्वारा लॉन्च किया गया लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (एलपीएमएस) को भी शामिल किया जाएगा। सरहद की सुरक्षा और निगरानी को बेहतर बनाने के लिए सेंसर और स्मार्ट फेंसिंग की व्यवस्था होगी। लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम एक ऐसा इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म है जो सभी लैंड पोर्ट्स पर कार्गो प्रोसेसिंग और यात्रियों की आवाजाही के लिए एंड-टू-एंड डिजिटल वर्कफ्लो को मुमकिन बनाएगा।
एलपीएमएस को लॉन्च करते हुए अमित शाह ने कहा कि एलपीएमएस सिस्टम, जो हर स्टेकहोल्डर और डेटा सिस्टम को साथ लेकर चलता है, आने वाले दिनों में परिकल्पित 'स्मार्ट सिक्योरिटी ग्रिड' का एक अहम हिस्सा बन जाएगा और आर्थिक व भौतिक सुरक्षा, दोनों को सुनिश्चित करने में मदद करेगा।
साभार नवभारत टाइम्स

