तेजा दशमी के उपलक्ष्य में निकले भव्य जुलूस में बृजलाल उस्ताद गुरु की व्यायामशाला ने मारी बाजी
सिंहासा। ग्राम सिंहासा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी तेजा दशमी के पावन अवसर पर हर्ष और उल्लास के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जुलूस के दौरान विभिन्न व्यायामशालाओं द्वारा शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए। युवाओं ने लाठी, तलवार एवं पारंपरिक व्यायाम के हैरतअंगेज करतब दिखाकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में बृजलाल उस्ताद गुरु की व्यायामशाला ने अपने शानदार प्रदर्शन से बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। व्यायामशाला के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर ग्रामीणों ने जमकर उत्साहवर्धन किया।
तेजा दशमी के इस आयोजन ने ग्राम की परंपरा, संस्कृति और भाईचारे को एक बार फिर जीवंत कर दिया। पूरे जुलूस के दौरान गांव का माहौल उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।

