इंदौर में ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 15.49 ग्राम मादक पदार्थ जब्त
चंदन नगर पुलिस की कार्रवाई, बैकवर्ड ट्रेसिंग के जरिए कुछ ही घंटों में सप्लायर तक पहुंची पुलिस
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत चंदन नगर पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.49 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को स्कीम नंबर 71 स्थित पानी की टंकी के पास चेकिंग के दौरान तौकीर पिता अब्दुल कादिर को पकड़ा गया था। तलाशी लेने पर उसके पास सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर रखी गई 15.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में ब्राउन शुगर के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस ने बैकवर्ड ट्रेसिंग शुरू की। जांच के दौरान कुछ ही घंटों में पुलिस ने कथित सप्लायर जावेद उर्फ जव्वा (27) निवासी चंदन नगर को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, जावेद के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एक मामला एनडीपीएस एक्ट का भी शामिल है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक वेदेंद्र सिंह कुशवाह सहित चंदन नगर थाने की टीम और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

