गोहद विधानसभा में बसपा का संगठनात्मक बदलाव, राहुल बंसल बने अध्यक्ष
भिंड/गोहद। बहुजन समाज पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर गोहद विधानसभा संगठन में व्यापक फेरबदल किया गया है। जिला अध्यक्ष सुरेश बझेया की अनुशंसा पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। इस संबंध में गुरुवार को अधिकृत पत्र जारी किया गया। जारी आदेश के अनुसार राहुल बंसल को गोहद विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं महेंद्र सिंह कुशवाह को विधानसभा उपाध्यक्ष, महाराज सिंह माथुर को विधानसभा महासचिव, पान सिंह पहाड़िया को विधानसभा सचिव तथा मुन्नालाल फौजी को विधानसभा कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला अध्यक्ष सुरेश बझेया ने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन विस्तार के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष राहुल बंसल ने शीर्ष नेतृत्व एवं जिला संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और बहुजन समाज पार्टी की जनहितकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।

