सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर बिल्डर पर एक लाख का जुर्माना
आदित्य शर्मा
इंदौर। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार शहर में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा नागरिक सुविधाओं को प्रभावित करने वाले मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।निगम ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नर्मदा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने पर झोन क्रमांक 22 के वार्ड 36 स्थित मेसर्स परिमा डेवलपर्स पर ₹1 लाख का चालान किया है।
निरीक्षण में पाया गया कि भवन निर्माण के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिससे नर्मदा जलप्रदाय पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा और जलापूर्ति प्रभावित हुई। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण एजेंसियां सुरक्षा मानकों का पालन करें और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

