बगैर नक्शा पास कराए बन रहे दस से ज्यादा निर्माणों पर चले बुलडोजर

  • Share on :

इंदौर। शहर में अवैध काॅलोनियों में धड़ल्ले से बगैर नक्शे के मकान बनने लगे है। एक अवैध काॅलोनी में सोमवार सुबह नगर निगम और प्रशासन की टीम ने दस से ज्यादा निर्माण तोड़े। बागगंगा क्षेत्र की न्यू अंजनी नगर बस्ती में यह मकान बनाए जा रहे है। रहवासियों ने बताया कि काॅलोनी एक भाजपा नेता ने काटी है।
अवैध काॅलोनी में हो रहे निर्माण का पता चलने के बाद नगर निगम ने सप्ताह भर पहले नोटिस दिए थे। सुबह दो जेसीबी और 30 से ज्यादा श्रमिकों को लेकर निगम के अफसर बस्ती में जा पहुंचे।
रहवासियों ने पहले विरोध किया। उनका कहना था कि जब अवैध काॅलोनी काटी जा रही थी, तब अफसरों ने काॅलोनाइजर के खिलाफ एक्शन क्यों नहीं लिया। सस्ते होने के कारण हमने प्लाट खरीदे और इधर-उधर से पैसा जोड़कर मकान बना तो हमारे मकान तोड़े जा रहे है। अफसरों ने कहा कि नक्शा पास कराए बगैर निर्माण कराना नियमों के विपरित है।
अफसरों ने मकानों में से सामान निकाले के लिए कुछ देर की मोहलत दी। इसके बाद बुलडोजरों ने डेढ़ घंटे के भीतर मकानों को मलबे में तब्दील कर दिया। काॅलोनी मेें दस से ज्यादा निर्माणों को तोड़ा गया। जिन लोगों ने अभी मकानों का निर्माण शुरू किया हैै। उन्हे नगर निगम की तरफ से नोटिस दिया गया है।
परिवार में गमी होने के कारण नहीं तोड़ा एक मकान
बस्ती में रहने वाले एक परिवार के यहां गमी हो गई थी। परिवार के मुखिया की मौत होने के कारण फिलहाल मकान को नहीं तोड़ा गया, लेकिन मकान को पूर्व में नोटिस भेजा गया । विधवा महिला ने अफसरों से कहा कि परिवार में अब कमाने वाला नहीं बचा। मकान भी टूट जाएगा तो फिर सिर छुपाने के लिए भी जगह नहीं बचेगी। महिला ने रोते हुए बाद मेें भी मकान नहीं तोड़ने का आग्रह अफसरों से किया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper