अवैध रेत उत्खनन पर ब्यौहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर जब्त
साहिल खान
ब्यौहारी। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 7 सितंबर 2026 को थाना ब्यौहारी पुलिस ने बनासी नदी में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। जब्त वाहनों एवं अवैध रेत की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनासी नदी में नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर में जेसीबी टाइप ड्रोजर लगा हुआ है, जिसकी मदद से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है और उसे आयसर ट्रैक्टर की पीले रंग की ट्रॉली में लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों ट्रैक्टरों के चालक अपने वाहन छोड़कर नदी किनारे जंगल का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस टीम ने मौके पर दोनों वाहनों की जांच की, जिसमें आयसर ट्रैक्टर की पीले रंग की ट्रॉली में अवैध रेत भरी हुई मिली। वहीं, नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर में रेत उत्खनन एवं लोडिंग के लिए जेसीबी टाइप ड्रोजर लगा हुआ पाया गया। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में दोनों ट्रैक्टरों एवं अवैध रेत को विधिवत जब्त कर लिया। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹10,03,000 आंकी गई है। दोनों वाहनों को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया तथा जब्त रेत को नियमानुसार सुरक्षित किया गया।
मामले में अज्ञात वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस, धारा 4/21 खनिज अधिनियम एवं धारा 39/192 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार वाहन चालकों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई थाना प्रभारी ब्यौहारी के निर्देशन में सउनि राजेन्द्र द्विवेदी, प्रधान आरक्षक महेन्द्र पाल शुक्ला, आरक्षक पंकज मेहरा एवं आरक्षक अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

