बारात से लौट रही कार बेकाबू होकर पलटी, दो चचेरे भाइयों की मौत, दो झांसी रेफर
पिछोर-चंदेरी रोड पर मसीदघाट कलारी के सामने सुबह 3:45 बजे हुआ हादसा, तेज रफ्तार बनी वजह, चालक फरार
अतुल जैन
खनियाधाना। बामौरकला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बारात से लौट रहे युवकों की टीयूव्ही कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर किया गया है।
(ललितपुर से लौट रहे थे पांच युवक)
जानकारी के अनुसार अशोकनगर और शिवपुरी जिले के पांच युवक उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में बांसी हसारी गांव एक बारात में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह करीब 3:45 बजे सभी टीयूव्ही कार क्रमांक UP65CD6997 से वापस लौट रहे थे।
(मसीदघाट कलारी के सामने पलटी कार)
जैसे ही कार पिछोर-चंदेरी रोड पर बुढ़ानपुर स्थित मसीदघाट कलारी के सामने पहुंची, तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दुर्गापुर थाना बामौरकलां निवासी राघवेन्द्र यादव (20) पुत्र राजकुमार यादव और उनके चचेरे भाई सुवेन्द्र उर्फ कल्ला यादव (22) पुत्र मुशीलाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कार में सवार पहाड़पुर थाना खनियाधाना निवासी अमन यादव (15) पुत्र वीरभान यादव और यश यादव (23) पुत्र रामपाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
(डायल-112 पहुंची मदद के लिए)
घटना की सूचना पर डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सरकारी अस्पताल खनियाधाना पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने राघवेन्द्र और सुवेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। अमन और यश की हालत गंभीर होने पर परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें झांसी ले गए।
(चालक मौके से फरार, केस दर्ज)
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार तेज रफ्तार में थी। हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
(इनका कहना है)
"गुरुवार करीब 4:00 बजे FRV 112 पर एक एक्सीडेंट के संबंध में पॉइंट आया था। मौके पर FRV पहुंची तो वहां पर एक TUB गाड़ी जो कि एक्सीडेंट के कारण पलट गई थी, उसमें करीब-करीब चार लोग घायल थे। दो लोगों की कंडीशन बहुत ज्यादा सीरियस थी और दो अन्य लोग भी घायल थे। ये सभी लोग झांसी से महाराष्ट्र से वापस बामौर कलां आ रहे थे। बामौर कलां वापसी के दौरान प्रसिद्ध घाट के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया था। जो कि पीड़ित थे, उनकी कंडीशन ज्यादा खराब होने से उन्हें मौके से तत्काल खनियाधाना अस्पताल भेज दिया गया था, जहां पर कि डॉक्टर ने राजवेंद्र यादव एवं सुरेंद्र यादव दोनों को ही मृत घोषित कर दिया था। और अन्य दो, यश यादव एवं रामपाल यादव हैं, जिन्हें कि उपचार हेतु झांसी रेफर कर दिया गया था। और बाद में हरयानी सुदामा यादव की रिपोर्ट पर से वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। प्रकरण की विवेचना की जा रही है।"
(संजय लोधी, थाना प्रभारी बामौर कलां)

