चंदन नगर पुलिस ने 8.93 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार, ₹1.40 लाख का मशरूका जब्त
आईटी पार्क सिंहासा के पास खदान क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कार्रवाई, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंदन नगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.93 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्मार्ट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल की कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को आईटी पार्क सिंहासा के पास खदान क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से 8.93 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान विकास चौधरी (30 वर्ष), निवासी पंचमूर्ति नगर, इंदौर के रूप में की है।
मामले में थाना चंदन नगर में अपराध क्रमांक 1243/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक MP09VL7537 भी जब्त की है।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में पूछताछ
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का रिमांड प्राप्त कर मादक पदार्थ के स्रोत, खरीद-बिक्री और परिवहन के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश, पुलिस उपायुक्त जोन-4 नरेंद्र रावत के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले, उपनिरीक्षक मनोज सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक साबिर मंसूरी, प्रधान आरक्षक अनिल तथा आरक्षक धीरज, अखिलेश मेड़ा और रविन्द्र रावत शामिल रहे।

