स्वामित्व योजना की प्रगति की कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने की विस्तृत समीक्षा
डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आज कलेक्टर सभाकक्ष में स्वामित्व योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में योजना की प्रगति, रजिस्ट्री की स्थिति तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने योजना से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
स्वामित्व योजना ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि के अभिलेख तैयार करने तथा पात्र हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के अधिकार संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों को संपत्ति के स्वामित्व का कानूनी प्रमाण उपलब्ध कराने और संपत्ति संबंधी विवादों के निराकरण में सहायता मिलती है।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक कुमार सोलंकी, एसडीएम शहपुरा श्री फरहान इरफान जामदार, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

