चंदन नगर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

  • Share on :

पत्रकार - खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। चंदन नगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों द्वारा थाना चंदन नगर क्षेत्र से तीन तथा थाना एरोड्रम क्षेत्र से एक वाहन चोरी करना स्वीकार किया गया है।
पुलिस आयुक्त संतोष सिंह के निर्देश एवं पुलिस उपायुक्त जोन-4 सुनील मेहता के मार्गदर्शन में शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चंदन नगर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस को लगातार दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच के दौरान जानकारी मिली कि वाहन चोर चोरी के वाहनों को धार रोड के रास्ते धार, झाबुआ, अलीराजपुर और गुजरात क्षेत्र में बेचने का प्रयास करते हैं। इसके बाद पुलिस ने धार रोड स्थित नवादा पंथ क्षेत्र में रात्रिकालीन आउटर वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
दिनांक 6-7 जून की रात चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सूने स्थानों और पार्किंग क्षेत्रों में खड़े दोपहिया वाहनों के लॉक तोड़कर तथा डायरेक्ट वायर कनेक्शन के माध्यम से वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास गुर्जर (21) निवासी हरदा एवं वर्तमान निवासी नंदबाग इंदौर तथा सौरभ राजपूत (23) निवासी खंडवा एवं वर्तमान निवासी नंदबाग इंदौर के रूप में हुई है।
आरोपियों की निशानदेही पर होंडा शाइन एसपी, हीरो स्प्लेंडर, रॉयल एनफील्ड बुलेट तथा एक एक्टिवा स्कूटर सहित कुल चार वाहन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के वाहन अलीराजपुर और गुजरात क्षेत्र में बेचकर अपने शौक पूरे करते थे।
पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस को अन्य वाहन चोरी की वारदातों के खुलासे तथा और वाहनों की बरामदगी की भी संभावना है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तिलक कारोले, उप निरीक्षक सौरभ कुशवाह, एएसआई रविराज सिंह बैस सहित चंदन नगर थाना पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper