चंदन नगर पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, 3 आरोपी गिरफ्तार

  • Share on :

पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चंदन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 11.93 ग्राम ब्राउन शुगर और एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त जोन-4 सुनील मेहता के मार्गदर्शन में थाना चंदन नगर प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आईटी पार्क पावर हाउस के पास कुछ युवक मादक पदार्थ की सप्लाई कर रहे हैं। घेराबंदी के दौरान बाइक सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी में आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने कम कीमत में मादक पदार्थ खरीदकर छोटे-छोटे टोकन बनाकर अधिक दामों में बेचने की बात कबूल की। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे स्वयं भी नशे के आदी हैं और जल्दी पैसा कमाने व कर्ज चुकाने के लिए यह काम कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना चंदन नगर में अपराध क्रमांक 609/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मादक पदार्थों की सप्लाई चैन और अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी :
विवेक साल्वी (22) निवासी राज नगर, इंदौर
हार्दिक चौहान (22) निवासी नगीन नगर, इंदौर
विजय नरिया (19) निवासी भोलेनाथ कॉलोनी, एरोड्रम, इंदौर
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मारपीट, गाली-गलौज और धमकी जैसे प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सौरभ कुशवाह, मनोज भदौरिया, साबिर मंसूरी सहित थाना चंदन नगर की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper