नशे के खिलाफ चंदननगर पुलिस का प्रहार, 2.164 किलो गांजा जब्त

  • Share on :

50 हजार रुपये कीमत का मादक लिए पदार्थ बरामद, आरोपी से नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
पत्रकार : खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। इंदौर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चंदननगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.164 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त (जोन-4) सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त शिवेंदु जोशी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले के नेतृत्व में गठित टीम लगातार अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर नजर रखे हुए थी।
गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चंदननगर क्षेत्र स्थित जगदीश पुरी मैदान के पास एक चाय की टपरी के समीप घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.164 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनवर पिता राशिद खान (43 वर्ष), निवासी 18-बी-06, शकीना मंजिल रोड, चंदननगर, इंदौर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कम कीमत में अन्य जिलों से गांजा खरीदकर इंदौर लाता था और यहां छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अधिक दामों में बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि नशे की लत, कर्ज चुकाने और जल्दी पैसा कमाने की लालच में वह गांजे की तस्करी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गांजे के स्रोत एवं उससे जुड़े अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तिलक कारोले, उपनिरीक्षक सौरभ कुशवाह, सेवना सिंह ओसारी, प्रधान आरक्षक बलराम चौहान, जितेंद्र सोलंकी तथा आरक्षक धीरज पांडेय, हरि सिंह राजपूत, अनिल मकवाना, सुनील सोनी और अरुण जाट की सराहनीय भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper