चेतन्य काश्यप बने इंदौर के नए प्रभारी मंत्री, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सौंपी अतिरिक्त जिम्मेदारी
भोपाल। प्रदेश सरकार ने इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी में बदलाव किया है। अब प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप इंदौर के भी प्रभारी मंत्री होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इससे पहले इंदौर जिले का प्रभार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास था। अब उन्होंने यह जिम्मेदारी चेतन्य काश्यप को सौंप दी है। शासन के आदेश में कहा गया है कि राज्यपाल के नाम से जारी इस निर्णय के तहत मंत्री चेतन्य काश्यप को इंदौर जिले का भी प्रभारी मंत्री नियुक्त किया जाता है। यानी उनके मौजूदा विभागीय दायित्व में कोई बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि जिले की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। अगस्त 2024 में जब मोहन यादव सरकार ने मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा था, तब मुख्यमंत्री ने इंदौर की जिम्मेदारी अपने पास रखी थी। उस समय चेतन्य काश्यप को भोपाल और राजगढ़ का प्रभारी मंत्री बनाया गया था। दिसंबर 2025 में भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि जिन जिलों का प्रभार किसी मंत्री को नहीं दिया गया है, उनकी जिम्मेदारी उनके पास है।
चेतन्य काश्यप वर्तमान में एमएसएमई विभाग के मंत्री हैं। इंदौर का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद उनके पास भोपाल, राजगढ़ और इंदौर जिले की जिम्मेदारी होगी। नए आदेश से इंदौर में विकास कार्यों की समीक्षा, जिला प्रशासन के साथ समन्वय और सरकारी योजनाओं की निगरानी की जिम्मेदारी भी उनके पास आ जाएगी।

