मकान अवैध थे तो बनने कैसे दिए? बुलडोजर चला, लेकिन जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब?

  • Share on :

कृष्णबाग कॉलोनी में टूटे सिर्फ मकान नहीं, परिवारों के सपने और जीवनभर की कमाई भी मलबे में बदल गई।

संपादकीय | दैनिक रणजीत टाइम्स
लेखक : गोपाल गावंडे, प्रधान संपादक – दैनिक रणजीत टाइम्स


इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा मकानों को जमींदोज करने की कार्रवाई ने हमारी प्रशासनिक व्यवस्था के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जब कॉलोनी बस रही थी, तब प्रशासन कहां था?

जब जमीन के टुकड़े करके प्लॉट बेचे जा रहे थे, रजिस्ट्रियां हो रही थीं, मकान बन रहे थे, बिजली-पानी के कनेक्शन दिए जा रहे थे, तब जिम्मेदार अधिकारी कहां थे?

यदि जमीन विवादित थी तो समय रहते उसकी खरीद-बिक्री रोकने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए? आम नागरिकों को समय रहते क्यों नहीं चेताया गया?

एक सामान्य नागरिक सरकारी दस्तावेजों और व्यवस्थाओं पर भरोसा करके अपनी जीवनभर की पूंजी लगाता है। हालांकि रजिस्ट्री, बैंक लोन और बिजली कनेक्शन अपने आप में वैध स्वामित्व अथवा निर्माण की अनुमति का प्रमाण नहीं होते, लेकिन नागरिकों को गुमराह होने से बचाना भी व्यवस्था की जिम्मेदारी है।

अभी तो दीपावली बीती थी...

जिन चौखटों पर कुछ दिनों पहले दीपक जलाए गए होंगे, आज उन्हीं चौखटों पर मलबा पड़ा है।

किसी ने बच्चों की पढ़ाई के खर्च में कटौती करके घर बनाया होगा, किसी ने अपनी शादी के गहने बेचे होंगे, तो किसी ने जिंदगीभर की कमाई अपने आशियाने में लगा दी होगी।

सरकारी फाइलों में ये विवादित निर्माण हो सकते हैं, लेकिन उन चार दीवारों के भीतर किसी का बचपन, किसी की गृहस्थी और किसी का भविष्य था।

बुलडोजर ने चंद घंटों में मकान गिरा दिए, लेकिन उन परिवारों को दोबारा खड़ा होने में कितने वर्ष लगेंगे, इसका हिसाब कौन लगाएगा?

क्या बुलडोजर सिर्फ कमजोर लोगों के लिए है?
न्यायालय के आदेश का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। लेकिन न्यायालय के आदेश का पालन करने के साथ-साथ उन व्यक्तियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना भी आवश्यक है, जिनकी संभावित लापरवाही के कारण यह परिस्थिति बनी।

रणजीत टाइम्स के शासन और प्रशासन से सात सवाल हैं—

विवादित जमीन पर प्लॉट बेचने वालों के विरुद्ध क्या कार्रवाई हुई?

कॉलोनी विकसित होते समय जिम्मेदार विभाग कहां थे?

रजिस्ट्री के समय खरीदारों को जमीन के विवाद की जानकारी क्यों नहीं मिली?

बैंक ऋण स्वीकृत करते समय जमीन के दस्तावेजों की क्या जांच हुई?

निर्माण के दौरान नगर निगम ने समय रहते हस्तक्षेप क्यों नहीं किया?

जिन अधिकारियों की लापरवाही जांच में सामने आएगी, क्या उन पर भी कार्रवाई होगी?

प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आर्थिक राहत के लिए शासन की क्या योजना है?

मुख्यमंत्री जी, पीड़ित परिवारों की भी सुनिए!

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से रणजीत टाइम्स मांग करता है कि कृष्णबाग कॉलोनी के पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दोषी पाए जाने वाले जमीन विक्रेताओं और अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। पात्र पीड़ित परिवारों के पुनर्वास, आर्थिक सहायता और कानूनी मदद की व्यवस्था की जाए।

साथ ही प्रदेश में ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे किसी विवादित जमीन की खरीद-बिक्री से पहले ही खरीदार को उसकी वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की पहचान केवल साफ-सुथरी सड़कों से नहीं, बल्कि संवेदनशील प्रशासन और नागरिकों के प्रति न्यायपूर्ण व्यवहार से भी होनी चाहिए।

रणजीत टाइम्स अवैध निर्माण का समर्थन नहीं करता, लेकिन निर्दोष और धोखाधड़ी के शिकार नागरिकों के अधिकारों की आवाज जरूर उठाएगा।

मकान तोड़ना समाधान का अंतिम हिस्सा हो सकता है, लेकिन ऐसी परिस्थितियां दोबारा पैदा न हों, इसकी जिम्मेदारी तय करना ही वास्तविक समाधान है।

बुलडोजर मकानों पर चला है, अब जवाबदेही तय करने की बारी है। कानून का डंडा केवल कमजोरों पर नहीं, दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदारों पर भी चलना चाहिए।

- गोपाल गावंडे प्रधान संपादक, दैनिक रणजीत टाइम्स

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper