छत्रीपुरा पुलिस को हॉट स्पॉट चेकिंग में बड़ी सफलता, 168 बीयर कैन के साथ आरोपी गिरफ्तार
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छत्रीपुरा पुलिस को हॉट स्पॉट चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गंगवाल बस स्टैंड क्षेत्र से एक आरोपी को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस आयुक्त संतोष सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त जोन-4 के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा हॉट स्पॉट एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान गंगवाल बस स्टैंड क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक सफर बैग और प्लास्टिक के बोरे में रखी अवैध अंग्रेजी शराब की 168 बीयर कैन बरामद हुईं। जब्त शराब की कुल मात्रा 84 बल्क लीटर एवं अनुमानित कीमत लगभग 23,520 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी अंकित पिता महेश सिसोदिया (26 वर्ष), निवासी ग्राम मिर्जापुर, यशवंत सागर के पास, थाना देपालपुर, इंदौर को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

