मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जैन ने किया सांवेर जनपद एवं ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण

  • Share on :

विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
आदित्य शर्मा
इंदौर।  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन द्वारा आज जनपद पंचायत सांवेर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, संचालित शासकीय योजनाओं एवं उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
 श्री जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अभिलेखों का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए उनके समुचित संधारण, कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
 निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत हासाखेड़ी में नवीन निर्मित अटल सुशासन भवन (ग्राम पंचायत भवन) का अवलोकन किया गया। साथ ही भ्रमण के दौरान जल गंगा संवर्धन कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। ग्राम पंचायत बालरिया में निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन एवं मोक्ष धाम का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
 इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा ग्रामीण विकास के लक्ष्यों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सांवेर श्रीमती कुसुम मंडलोई सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper