मुख्यमंत्री ने दिए कृषक कल्याण वर्ष के कार्यक्रमों को मिशन मोड में चलाने के निर्देश
राजेश धाकड़
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती की लागत कम करना और किसानों की आय बढ़ाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कृषक कल्याण वर्ष की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से राजधानी से लेकर गांव तक सीधे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा सभी योजनाओं का मिशन मोड में क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सहकारी समितियों की प्रक्रियाओं के डिजिटलाइजेशन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, कम पानी वाली फसलों के प्रति किसानों को जागरूक करने तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्नत नस्ल की गाय उपलब्ध कराने में निजी संस्थाओं का सहयोग लेने पर जोर दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जुलाई में ऑनलाइन किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल और ई-पासबुक सुविधा शुरू की जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव, संभागीय मुख्यालयों पर फूड फेस्टिवल तथा इंदौर, उज्जैन, खरगौन, बुरहानपुर, जबलपुर, भोपाल, नीमच, सागर, रतलाम और नरसिंहपुर सहित विभिन्न जिलों में कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

