मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026: हर शुक्रवार होगा जन-संवाद, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान
खितौली के पंचायत भवन में 7 अगस्त को होगा पहला कार्यक्रम
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जन-संवाद के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग तथा लोक सेवाओं को समय-सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा शुक्रवार, 7 अगस्त से “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026” प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। जिले में इस अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी ने नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर तथा नगरीय क्षेत्रों के लिए नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत साप्ताहिक भ्रमण कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने सभी अधिकारी भ्रमण के दौरान जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में लंबित शिकायतों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
खितौली में आयोजित होगा पहला कार्यक्रम
यह अभियान शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 08 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में प्रत्येक सप्ताह के पंचम दिवस अर्थात् शुक्रवार को अभियान का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित दिवस पर जिला प्रशासन के अधिकारी चिन्हित क्षेत्रों का अनिवार्य रूप से भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे।
जिले में अभियान का शुभारंभ विजयराघवगढ़ विधानसभा अंतर्गत पंचायत भवन खितौली से होगा। जिसमें खितौली कलस्टर की 11 पंचायतों खितौली, सुतरी, बरनमहगवां, हरवाह, हदरहेटा, बम्हौरी, जगुआ, करेला, सलेयासिहोरा, बरमानी, कुआं, बुजबुजा कलस्टर अंतर्गत 14 पंचायतों छिदहाईपिपरिया, सिरोजागडरिया, लुरमी, बुजबुजा, नदावन, कुठियामहगवां, कन्नौर, बिचपुरा, बनगवां, करौंदीकलां, करौंदीखुर्द, परसवाराखुर्द, पिपरियाकलां, खिरहनी एवं गैरतलाई क्लस्टर अंतर्गत 12 पंचायतों गैरतलाई, डोकरिया, धवैया, जारारोडा, तिमुआ, इटौरा, इटमा, कुटेश्वर, हरदुआमहानदी, उबरा, पिपरा, चोरी एवं बरही कलस्टर के सभी 15 वार्डों के लिए शिविर लगाए जाएंगे।

