सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- मध्य प्रदेश के साथ भी जापान के व्यवसायिक दृष्टि से मजबूत संबंध
भोपाल। फरवरी में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर समिट में निवेशकों को आमंत्रण देने जापान पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भारतीय दूतावास में इंटरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट'' कार्यक्रम में शिरकत की। इस सेशन में उन्होंने कहा कि जापान का प्राचीनकाल से आधुनिक काल तक बहुत समृद्ध इतिहास रहा। जापान की उद्यमशीलता को नमन करता हूं, जिसकी बदौलत आज जापान की विश्व के सामने अलग पहचान है। जापान गौतम बुद्ध की हजारों साल पुरानी परंपरा के साथ भारत से जुड़ा हुआ है। जो आज विशिष्ट जीवनशैली और औद्योगिक शैली के साथ आर्थिक युक्ति से संपन्नता पाने वाला देश है।
अपने संबोधन में सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के साथ भी जापान के व्यवसायिक दृष्टि से मजबूत संबंध है। मध्यप्रदेश से आज जापान को एल्युमिनियम, कार्बनिक रसायन, बायलर, मशीनरी, फार्मास्युटिकल उत्पाद समेत कई वस्तुओं का निर्यात किया जा रहा है। 2023-24 में मध्य प्रदेश से जापान को 9.28 करोड़ डॉलर का निर्यात किया गया। साथ ही मध्य प्रदेश में जापान के मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े कई उद्योग संचालित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक दशक में तीन गुना बढ़ी है, जिसे पांच साल में दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। पूंजीगत समेत सरकारी व्यय 19 प्रतिशत तक बढ़ा है जो राज्य की उन्नति का द्योतक है। समग्र रुप से करीब 65 हजार करोड़ का निर्यात किया है। उन्होंने कहा कि विश्व के कई देशों के निवेशकों की मध्यप्रदेश के प्रति रुचि बढ़ी है। हमारी सरकार एनर्जी सेक्टर, माइनिंग, एजुकेशन, एमएसएमई समेत कई सेक्टर के लिए नई पॉलिसी बना रही है, जिससे निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि नीति से अलग भी अगर निवेशक कोई बदलाव और सुविधा चाहेंगे तो सरकार खुले मन से उन्हें मदद करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में फूड, आईटी पार्क, मसाले, मेडिकल डिवाइस, सोलर इक्यूपमेंट, प्लास्टिक, फुटवियर, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल्स, ईवी, गारमेंट यूनिट, सेमीकंडक्टर पार्क समेत कई क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। खासतौर पर लॉजिस्टिक, गारमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, ईवी, आईटी के क्षेत्र में हमारी पॉलिसी बड़े निवेशकों को आकर्षित कर रही है। मध्यप्रदेश की अच्छी नीति और नीयत के बलबूते सभी तरफ से व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
साभार अमर उजाला