मां की अर्थी को कंधा देते हुए भावुक हुए सीएम योगी, हरिद्वार के चंडी घाट रवाना हुई अंतिम यात्रा
देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां के अंतिम दर्शन करके रो पड़े। अब अंतिम यात्रा पंचुर गांव से हरिद्वार के लिए रवाना हो गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। 89 वर्षीय सावित्री देवी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली थी।
शनिवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार के चंडी घाट ले जाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार आज बीच हरिद्वार के चंडी घाट पर किए जाने का कार्यक्रम है।
मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह कुछ देर तक उनके पास खड़े रहे और एकटक निहारते रहे। मुख्यमंत्री ने परिजनों और उनकी देखभाल करने वालों से मां के अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली। वह रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है।
साभार अमर उजाला

