अरब सागर में तटरक्षक बल और गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई: 3000 करोड़ की ड्रग्स के साथ 5 पाकिस्तानी गिरफ्तार

  • Share on :

नई दिल्ली. अरब सागर में भारतीय तटरक्षक ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. गुजरात एटीएस के साथ मिलकर चलाए गए इस ऑपरेशन में करीब 526 किलो हाई-ग्रेड ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है. कार्रवाई के दौरान संदिग्ध ईरानी धौ को रोका गया और उस पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में की गई.
भारतीय तटरक्षक और गुजरात एटीएस को ड्रग्स की इस खेप की समुद्र के रास्ते तस्करी की खुफिया जानकारी मिली थी. इसके बाद समुद्र और हवा से निगरानी शुरू की गई. संदिग्ध जहाज पर लगातार नजर रखी गई और उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया गया. पुख्ता जानकारी के बाद भारतीय तटरक्षक ने उसका पीछा किया और आखिरकार जहाज को रोककर उस पर सवार लोगों की जांच शुरू की.
25 सितंबर को भारतीय तटरक्षक ने संदिग्ध ईरानी धौ को इंटरसेप्ट किया. इसके बाद सुरक्षाबलों ने जहाज पर चढ़कर तलाशी ली. तलाशी के दौरान करीब 526 किलो प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद हुए. इनमें हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त ड्रग्स की कीमत 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है.
इस कार्रवाई में धौ को चला रहे पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया. भारतीय तटरक्षक ने जहाज, उसके चालक दल और जब्त की गई ड्रग्स को अपनी सुरक्षा में मुंबई पहुंचाया है. अब वहां संयुक्त पूछताछ की जाएगी और कई एजेंसियां मिलकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper