कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने वृद्धजनों के साथ मनाई दीपावली, मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर साझा की खुशियां

  • Share on :

श्री हरि वृद्धाश्रम में दीपोत्सव पर बुजुर्गों के चेहरों पर खिली मुस्कान, कलेक्टर ने आत्मीयता से जाना उनका कुशलक्षेम
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता बुजुर्गों के बीच पहुंचे तो दीपावली की खुशियां और भी खास हो गईं। अपनों के स्नेह और आत्मीयता का एहसास कराते इस आयोजन में वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान देखते ही बन रही थी।
उन्होंने दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां बांटने, अपनों के साथ समय बिताने और समाज के बुजुर्गों के जीवन में स्नेह एवं अपनत्व का उजाला भरने का अवसर भी है।कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से संचालित श्री हरि वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में मनाया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को मिठाइयां वितरित कीं और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। कलेक्टर ने वृद्धजनों के साथ फुलझड़ियां, अनार और चकरी जलाकर दीपोत्सव का आनंद लिया। आतिशबाजी और रोशनी के बीच वृद्धजनों के साथ बिताए गए इन खुशनुमा पलों ने आयोजन को यादगार बना दिया।इस अवसर पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने प्रत्येक वृद्धजन से आत्मीयतापूर्वक बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और जीवन मूल्य समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं। वृद्धजनों का सम्मान करना, उनकी देखभाल करना तथा उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और सुखद जीवन उपलब्ध कराना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। समाज के प्रत्येक वर्ग को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और अपनत्व का भाव रखते हुए उनके सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं, रहवासियों की दिनचर्या तथा उनकी देखभाल के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उनकी आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया।
दीपावली के इस विशेष आयोजन ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को परिवार जैसा अपनत्व और खुशियों के पल प्रदान किए। मिठाइयां, आतिशबाजी और कलेक्टर के साथ आत्मीय संवाद से बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। वृद्धजनों ने भी इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की।कार्यक्रम में विदिशा एसडीएम श्री मनीष जैन सहित वृद्धाश्रम का स्टाफ उपस्थित रहा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper