स्वामित्व योजना के तहत 250 से अधिक रजिस्ट्रियां पूर्ण कराने वाले आठ पटवारियों को कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने प्रमाण पत्र प्रदान कर किया सम्मानित

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
 स्वामित्व रजिस्ट्री के कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पटवारियों की सराहना, जिले में भूमि स्वामित्व अधिकारों को अभिलेखबद्ध करने के अभियान को मिल रही गति जिले में स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों को भूमि स्वामित्व अधिकारों का लाभ दिलाने के लिए किए जा रहे कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आठ पटवारियों को कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज  अपने चेम्बर में प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में 250 से अधिक स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण कराने वाले पटवारियों के कार्यों की सराहना की गई।कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता द्वारा कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मैदानी स्तर पर प्रगति को गति देने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान भी इसी पहल का हिस्सा है। उन्होंने सम्मानित पटवारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की है।कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर निवासरत परिवारों को उनकी संपत्ति का विधिवत अधिकार उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इस दिशा में मैदानी स्तर पर पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराना और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
गौरतलब हो कि 5 नवंबर  की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले में आठ पटवारियों ने 250 से अधिक स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण कर उल्लेखनीय कार्य किया है। इनमें शमशाबाद तहसील के पटवारी श्री मनीष कुमार सरवैया ने 418 तथा श्रीमती राखी बाजपेयी ने 304 रजिस्ट्रियां पूर्ण की हैं। कुरवाई तहसील के पटवारी श्री मोहित सिंह परमार ने 346, सिरोंज तहसील के श्री विकास कुमार श्रीवास्तव ने 306 एवं श्री नरेन्द्र बैरागी ने 273, नटेरन तहसील के श्री शिवेन्द्र सिंह पंवार ने 284, विदिशा तहसील के श्री नितिन कुमार पंथी ने 276 तथा त्योंदा तहसील के श्री शैलेश कुमार गायकवाड़ ने 269 स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण की हैं।अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि इन पटवारियों द्वारा कुल 3,263 स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण की गई हैं। इनके कार्यक्षेत्र में कुल 5,334 हितग्राही एवं 5,445 भूखंड दर्ज हैं। यह उपलब्धि मैदानी अमले की सक्रियता, सतत प्रयासों और योजना के क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।उल्लेखनीय है कि जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि का अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए अभियान के रूप में कार्य किया जा रहा है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper