कलेक्टर सड़कों पर, ठेकेदार बेपरवाह: करैरा में हजारों लीटर पेयजल बहा, जल संकट के बीच उजागर हुई लापरवाही

  • Share on :

करैरा। एक ओर भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से निपटने के लिए शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा स्वयं सड़कों पर उतरकर जल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और आमजन को राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, वहीं दूसरी ओर करैरा नगर की एक तस्वीर प्रशासनिक चिंताओं और जमीनी हकीकत के बीच का बड़ा विरोधाभास उजागर कर रही है।
नगर परिषद करैरा के वार्ड क्रमांक 09 स्थित ब्लॉक गली, सीता सेंटर स्कूल के पास जलावर्धन योजना की पाइपलाइन से हो रही पानी की भारी बर्बादी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, जलावर्धन योजना के तहत कार्य कर रही रियान वाटरटैक कंपनी द्वारा पाइपलाइन की खुदाई किए जाने के बाद दो दिनों से स्थिति जस की तस बनी हुई है। परिणामस्वरूप प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल सड़कों पर बहकर व्यर्थ हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जलावर्धन योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। नगर में अभी तक व्यापक स्तर पर नल कनेक्शन और जल खपत मीटर लगाए जाने का कार्य भी अधूरा पड़ा है। ऐसे में करोड़ों रुपये की लागत से संचालित योजना की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
विडंबना यह है कि एक ओर जिले के अनेक क्षेत्रों में लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई परिवार देर रात तक जागकर और लंबी दूरी तय कर पेयजल की व्यवस्था करने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर करैरा नगर में अमूल्य जल खुलेआम बहकर नालियों और सड़कों में समा रहा है।
जनता का कहना है कि जब शासन और प्रशासन जल संरक्षण को लेकर गंभीर हैं तथा "जल बचाओ" अभियान को प्राथमिकता दे रहे हैं, तब संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार एजेंसियों की उदासीनता आमजन के हितों पर सीधा प्रहार है। यदि समय रहते इस प्रकार की लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में जल संकट और अधिक गंभीर रूप धारण कर सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार कंपनी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा जल रिसाव को तत्काल बंद कर पेयजल की बर्बादी रोकी जाए।
"जल है तो जीवन है, जल नहीं तो कल नहीं" — यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि वर्तमान परिस्थितियों में हर जिम्मेदार नागरिक और संस्था के लिए एक चेतावनी है।
हेमंत भार्गव, जिला ब्यूरो चीफ
भारत न्यूज़ 24 / रणजीत टाइम्स, शिवपुरी

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper