कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित; कहा - "शिक्षा के साथ अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण ही सफलता का मार्ग"

  • Share on :

दिलीप पाटीदार 
चोटीयाखेड़ी ( गंधवानी )। धार  शिक्षा ही समाज एवं राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। बच्चे यदि शिक्षा के साथ अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण को अपनाएँ, तो निश्चित ही सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उक्त प्रेरक विचार नवागत कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने गंधवानी जनपद क्षेत्र के ग्राम कामता (चोटियाखेड़ी) में व्यक्त किए। विविधि श्रीमद् भागवत ज्ञान प्रचार समिति द्वारा मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कहा कि "आपका भविष्य आज के आपके निर्णयों पर निर्भर करता है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता; केवल कठिन परिश्रम और निरंतरता ही आपको लक्ष्य तक पहुँचाती है।" उन्होंने ग्रामीण जनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए आग्रह किया कि वे बच्चों की शिक्षा में निवेश करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं यदि सही दिशा चुनें, तो वे देश के शीर्ष पदों तक पहुँच सकती हैं।अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रमोद गुर्जर ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहा कि "इन चार स्तंभों पर दें ध्यान"। श्री प्रमोद गुर्जर ने विद्यार्थियों को करियर की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में चार चीजें अनिवार्य हैं: पहली- कम्युनिकेशन स्किल, ताकि आप अपनी बात प्रभावी ढंग से रख सकें। दूसरी- बेसिक एप्टीट्यूड, जिसमें गणित और तर्कशक्ति मजबूत हो। तीसरी- करंट अफेयर्स, यानी देश-दुनिया की खबरों से जुड़ाव। और चौथी- हॉबी, जो आपके व्यक्तित्व को निखारती है। उन्होंने युवाओं को मोबाइल के दुरुपयोग और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर संस्कारों को अपनाने की सलाह दी।समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को फोल्डर एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। कक्षा 10वीं में मयंक मंडलोई (प्रथम), इंदिरा सोलंकी (द्वितीय) व ज्योति कंवर (तृतीय) तथा कक्षा 12वीं में लक्ष्मी सिसोदिया (प्रथम), कविता मौर्य (द्वितीय) व राधिका चौहान (तृतीय) को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, अधिकारियों और मातृशक्ति का भी सम्मान किया गया।कार्यक्रम प्रशासनिक अधिकारी, समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. बी. एस. मुझालदा ने किया एवं आभार प्रदर्शन श्री रनसिंह चौहान द्वारा किया गया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper