कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने के दिए निर्देश
जिला कौशल विकास समिति की बैठक संपन्न
आदित्य शर्मा
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में जिला कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के शासकीय आईटीआई में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं पाठ्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि वर्तमान समय की मांग और औद्योगिक संस्थानों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना भी है। कलेक्टर श्री वर्मा ने युवाओं से शासकीय आईटीआई में संचालित आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आईटीआई के माध्यम से युवाओं को तकनीकी दक्षता प्राप्त होती है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्लेसमेंट और विभिन्न कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रिंकेश वैश्य तथा अपर आयुक्त नगर निगम श्री आकाश सिंह, श्री प्रखर सिंह तथा श्री एन.एन. पांडे सहित कौशल विकास से जुड़े विभागीय अधिकारी एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

