टीएल बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के सख्त निर्देश - शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें सुनिश्चित
लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय
निराकरण में विलंब करने वाले कर्मचारियों पर हुई सख्त कार्रवाई
नगरीय प्रशासन के लिपिक को सस्पेंड और नगर निगम के उपायुक्त तथा नायब तहसीलदार का वेतन काटने के दिए गए निर्देश
इंदौर
आदित्य शर्मा
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज समय-सीमा पत्रों (टीएल) के निराकरण की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, नागरिक सेवाओं तथा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप नागरिकों से संबंधित सभी आवेदनों और शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निराकरण में केवल खानापूर्ति नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में वनमण्डलाधिकारी श्री लाल सुधाकर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रिंकेश वैश्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का डिस्पोजल निर्धारित समय-सीमा में होना चाहिए। समीक्षा के दौरान ऐसी शिकायतों को चिन्हित किया जाए, जिनमें अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही सामने आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आवेदन या शिकायत के निराकरण में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि समीक्षा के दौरान चिन्हित कुछ शिकायतों में लापरवाही सामने आई है, जिस पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम क्षेत्र से संबंधित एक शिकायत के निराकरण में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी सहायक ग्रेड-3 श्री संजय पांडे को निलंबित करने और एनआरवाय शाखा के श्री सी.एस. निगम के तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। मामले की जांच भी की जा रही है तथा जांच में जिसकी भी जवाबदारी सामने आएगी, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह अन्य प्रकरण में नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी श्री वीरेन्द्र उपाध्याय का तीन दिन का और सांवेर के नायब तहसीलदार श्री सी.एल. टांक का पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए।
अग्नि सुरक्षा प्रबंधों की भी हुई समीक्षा
बैठक में इंदौर शहर के बड़े भवनों एवं परिसरों में अग्नि सुरक्षा के प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े भवनों, व्यावसायिक परिसरों एवं अन्य संवेदनशील संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराया जाए। अभियान के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है। इसलिए संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि भवनों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास तथा अन्य निर्धारित सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध एवं कार्यशील हों।
सभी सेवाओं में त्वरित कार्रवाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ लोगों को समय पर मिले, यह शासन की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि नागरिकों के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई हो और प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिकारी नियमित रूप से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में अन्य समय-सीमा के प्रकरणों, विभागीय योजनाओं एवं लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

