आयुक्त द्वारा सफाई व्यवस्था के क्रम में निरीक्षण, जीटीएस एवं सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र का किया निरीक्षण
आदित्य शर्मा
इंदौर। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने आज प्रातः जीटीएस एवं सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री अर्थ जैन, जोनल अधिकारी श्री गीतेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आयुक्त ने जीटीएस परिसर में वाहनों की आवाजाही, सफाई व्यवस्था एवं समग्र प्रबंधन का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित सफाई एवं कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखा जाए।
इसके बाद सरवटे बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। पेयजल की गुणवत्ता की जांच के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी उपलब्ध कराया जाए।आयुक्त ने लॉक रूम का निरीक्षण कर यात्रियों के सामान की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को निरंतर मॉनिटरिंग कर नागरिकों एवं यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

