कमिश्नर द्वारा ग्राम कुंवरसेजा हुआ जल आपूर्ति कार्य का किया निरीक्षण
प्रदीप सिंह बघेल
शहडोल। कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम कुंवरसेजा में नल जल योजना के तहत प्रदाय किये जा रहे जल आपूर्ति कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियो को निर्देश दिए कि ग्रीष्मऋतु में नल जल योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति के घर तक शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। आपने कहा कि पेयजल की आपूर्ति सतत रूप से बनी रहे एवं जनमानस को पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो इसका ध्यान रखें।
कमिश्नर ने कहा कि पाईप लाइन टूटने अथवा पंप खराब होने की स्थिति मेें यथा शीघ्र मरम्मत कराई जाए। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
कमिश्नर ने जल जीवन मिशन योजना के तहत ग्राम कुंवरसेजा में ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जल आपूर्ति की स्थिति एवं संचालन व्यवस्था का भी जायजा लिया एवं आवश्यक निर्देश दिए। कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान पेयजल की उपलब्धता के संबंध में स्थानीय लोगो से संवाद कर जल संरक्षण एवं जल के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक भी किया।
निरीक्षण के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत स्थल पर ही गांव के प्रशिक्षित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से एफटीके के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण भी कराया गया। परीक्षण के माध्यम से उपस्थित ग्रामीणों को पानी की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा उन्हें स्वयं भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री एचएल धुर्वें सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहें।

