आयुक्त द्वारा भागीरथपुरा क्षेत्र का निरीक्षण

  • Share on :

आदित्य शर्मा
इंदौर। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा आज भागीरथपुरा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जोनल अधिकारी श्री आनंद रैदास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नर्मदा जल प्रदाय लाइन, सीवरेज लाइन एवं सड़क निर्माण कार्यों का मौके पर जाकर अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं रेस्टोरेशन कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं रेस्टोरेशन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य समय पर पूर्ण हो सके।

ज्ञात हो कि भागीरथपुरा क्षेत्र के 97 प्रतिशत से अधिक हिस्से में पाइपलाइन के माध्यम से जल वितरण व्यवस्था पुनः स्थापित कर दी गई है, जबकि शेष क्षेत्रों में कार्य प्रगति पर है। जहां पाइपलाइन कार्य शेष है, वहां टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद कर जल आपूर्ति की स्थिति जानी। नागरिकों ने नियमित जल आपूर्ति पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही, नर्मदा जल की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु मौके पर ही क्लोरीनेशन सैंपलिंग कराई गई, जिसमें जल की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।

इस अवसर पर आयुक्त ने जल प्रदाय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को नियमित सैंपलिंग एवं क्लोरीनेशन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होता रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper