नमामि गंगे परियोजना के तहत आयुक्त का निरीक्षण, निर्माणाधीन एसटीपी कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर
आदित्य शर्मा
इंदौर। नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत कबीटखेड़ी स्थित 120 एमएलडी एवं किला मैदान मंडी कार्यालय के पीछे निर्माणाधीन 35 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा सिरपुर तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री श्री अश्विन जनवदे सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
आयुक्त ने शहर में उपचारित (ट्रीटेड) जल की अधिकतम उपलब्धता सुनिश्चित करने और उसके पुनः उपयोग के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही सिरपुर तालाब के अपस्ट्रीम क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु जल निकासी कार्यों में तेजी लाने और बाधाओं को नियमानुसार हटाने के निर्देश भी दिए।

