सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की चिंता - इंदौर नगर निगम एवं एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण अभियान प्रारंभ
आदित्य शर्मा
इंदौर। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देश पर इंदौर नगर निगम द्वारा एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज एवं सेवाकुंज हॉस्पिटल के सहयोग से सफाई मित्रों एवं उनके परिवारजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण अभियान प्रारंभ किया गया।
अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह ने बताया कि इस अभियान का शुभारंभ आज एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज सेवाकुंज हॉस्पिटल में किया गया। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य एवं स्वच्छता प्रभारी श्री अश्विनी शुक्ला, उपायुक्त श्री शैलेष अवस्थी, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के चेयरमैन श्री जयनारायण चौकसे सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर के प्रथम दिवस लगभग 200 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में बीपी, शुगर, लिवर एवं किडनी जांच सहित विभिन्न सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की भी व्यवस्था की गई।
अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह ने भी चिकित्सकीय परामर्श के बाद अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया तथा कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इस पहल का उद्देश्य सफाई मित्रों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को सफाई मित्रों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, वहीं सफाई मित्रों ने निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

